इंदौर / सड़क के किनारे घायल पड़ा था मोर, निगमकर्मी ने चिड़ियाघर पहुंचाया, उपचार के बाद स्वस्थ

  • रविवार सुबह एसीएसआई भारत करोसिया को ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास मिला था मोर

  • उपचार के बाद मोर को फिलहाल चिड़ियाघर में ही रखा गया है


इंदौर. इंदौर नगर निगम के कर्मचारी की ततपरता से सड़क किनारे घायल पड़े राष्ट्रीय पक्षी मोर की जान बच गई। निगमकर्मी ने घायल मोर को चिड़ियाघर पहुंचाया, जहां उपचार के बाद मोर स्वस्थ है।



घटना रविवार सुबह ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास की है। नगर निगम जोन-19 के एसीएसआई भारत करोसिया अपनी ड्यूटी के दौरान ट्रेंचिंग ग्राउंड के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे थे। तभी उन्हें सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा एक मोर दिखाई दिया। संभवत: कुत्तों के हमले से मोर घायल हुआ होगा। 



भारत ने भास्कर डॉट कॉम को बताया कि मोर मादा थी और उसकी हालत गंभीर थी, वह चलने-फिरने से लाचार थी। उन्होंने तत्काल चिड़ियाघर प्रभारी डॉक्टर उत्तम यादव को फोन लगाकर इसकी सूचना दी और घायल मोर को अपने सरकारी वाहन में रखकर चिड़ियाघर पहुंचे। चिड़ियाघर के डॉक्टरों ने तत्काल मोर का उपचार प्रारंभ किया। जानकारी के अनुसार घायल मोर की हालत फिलहाल ठीक है और पूर्णत: स्वस्थ होने तक मोर को चिड़ियाघर में ही डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।